खास खबर
छत्तीसगढ़ ओलंपिक का हरेली तिहार से होगा आगाज।
पारंपरिक खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे अपना जौहर, छः चरणों में होगी प्रतियोगिता।

बिलासपुर, 12 जुलाई 2023/मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों को नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, खेल प्रतिभाओं को निखारने, खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2023-23 का आयोजन 17 जुलाई को हरेली तिहार से किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए समय पूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक प्रतियोगिता 6 चरणों में पूरी होगी। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ग्रामीण व नगरीय निकाय क्षेत्रों में राजीव युवा मितान क्लब स्तर से प्रतियोगिता शुरू होते हुए राज्य स्तरीय तक चलेगी। स्पर्धा में दलीय और एकल श्रेणी में 16 तरह के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इस बार के ओलंपिक में एकल श्रेणी में रस्सी कूद और कुश्ती को भी जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन का दायित्व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। प्रतियोगिता का समापन 27 सितम्बर 2023 तक होगा।
*प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग में सम्पन्न होगी -*
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा वर्ग 18 से 40 वर्ष तक और तीसरा वर्ग में 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। छत्तीसगढिया ओलम्पिक में विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर से लेकर राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि दी जाएगी।
