कानन पेंडारी मिनी जू में बढ़ते चीतलों को बैलेंस करने शिफ्टिंग, गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और एटीआर में छोड़े गए

छत्तीसगढ़ के कानन पेंडारी मिनी जू में चीतलों की बढ़ती तादात को देखते हुए जू प्रबंधन ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) से अनुमति मिलने के बाद चीतलों को अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) और गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में शिफ्टिंग कर दिया है। तादात से अधिक हो चुके चीतलों की संख्या को बैलेंस करने दो लाट में कानन पेंडारी के 50 चीतलों को दूसरे उद्यानों व रिजर्व एरिया में छोड़ा गया।
बता दें कि कानन पेंडारी मिनी जू में चीतलों की संख्या तय क्षमता से अधिक हो गई है, जिसके मद्देनजर समय.समय पर इनके शिफ्टिंग का कार्य किया जाता है। चीतलों की तादात को मैनेज करने कानन प्रबंधन एटीआर के साथ नेशनल पार्क की मांग पर चीतलों को भेजने का काम करता है, जिसके लिए सीजेडए से स्वीकृति लेना पड़ता है। कानन पेंडारी जू से पहले चरण में 20 चीतलों की शिफ्टिंग अचानकमार टाइगर रिजर्व के छपरवा रेंज में की गई। इसके बाद 16 को तैमोर पिंगला में छोड़ा गया। 14 चीतलों को कानन पेंडारी जू प्रबंधन ने सीजेडए से अनुमति मिलने के बाद गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में सुरक्षित शिफ्टिंग किया है। वहीं करीब 50 चीतलों को एटीआर में पहले ही छोड़ा जा चुका है।